मौत : कुछ शब्द चित्र

कोरोना महामारी के द्वितीय चरण के भयावह दिनों के कुछ शब्द चित्र

1.
सड़कों पर बेख़ौफ़ टहल रही है मौत |
दिन होते ही पसर जाता है एक निस्तब्ध सन्नाटा,
जिसे निगल लेती है एक भयानक रात
शाम होने से पहले |
अपने दरबों में दुबक गए हैं लोग |
यह कैसा खौफ है, जिसकी गवाह हैं
सिर्फ चटकती पुलिस की लाठियाँ |
2.
यह कैसा खौफ है कि
हिल गए हैं बड़े-बड़े राष्ट्र नायक
दुनिया के किसी भी कोने से
साफ़-साफ़ पढी जा सकती है उनकी घबड़ाहट,
महसूस किये जा सकते हैं उनके काँपते पाँव |
ग्लोब पर खड़ा एक आदमी दे रहा है नसीहतें |
कोई भी इस सन्नाटे को भेदने की जुर्रत न करे |
इन दिनों देर रात तक जगती है सोशल मीडिया
लगाये जाते हैं राष्ट्रनायकों की बदलती भंगिमाओं के अर्थ
एक पैर पर क्यों खड़ा है यह आदमी ?
कहाँ गिरवी है इसका दूसरा पैर ?
इसे पहले उठा लेना था अपना बायाँ पैर |
तब इस तरह नहीं हिलता यह आदमी |
3.
अचानक बेमानी हो गए हैं सारे धार्मिक आचार |
किसी अँधेरी सुरंग का रास्ता दिखाती है,
हर सुबह मस्जिद की अजान और
मंदिर की घंटियों की आवाज
तालाब के थके पानी में उतरकर
किनारे तक फैलने लगती है कई वृत्तों में |
अचानक बदल गया है बहुत कुछ
जैसे पक्षियों से बिना दुभाषिए के
अब बात करती हैं हवाएँ
जैसे फूलों ने पहली बार सीखा है,
बातें करना अपने ही रंगों से |
कोई भी अब छू सकता है
सूरज की सफेद रोशनी में नहाकर खड़े पहाड़ों को
सड़कें बतिया सकती हैं अपनी बगलगीर सड़कों से |
चौराहों पर खड़ी मूर्तियाँ टहल कर जा सकती हैं दूसरे चौराहे तक |
4.
एक आदमी की नींद को निगल गयी है भूख
एक आदमी बरगलाकर कर ले आया है
दो दिनों की जरूरत का अनाज |
उसकी नींद में खलल डालती है
अपने पति से झगड़ती पड़ोस की औरत |
5.
बाहर बदल रहा है सबकुछ
भीतर बस एक फटा सा उजास |
बढ़ते आकड़ों में मायने बदल रही है मौत
भूख से बड़ी हो गयी है ज़िंदगी की जद्दोजहद |
बस एक करवट भर है दिन और रात |
मित्र दिखाते हैं तुलसी ने पहले ही
लिख दिया था सबकुछ,
चौदह साल के बालक ज्योतिषी ने
डेढ़ साल पहले ही कर दी थी भविष्यवाणी |
जारी हैं जप-तप, हवन और यज्ञ
एक साथ वायरल हो रही हैं आशंकाएँ और उम्मीदें |
पेड़ों से सहम कर चिपटे हैं चमगादड़
आखिर कब तक लौटेगी ज़िंदगी ?
मौत कबतक वापस लौटेगी गुफाओं में,
क्या मृत्यु को टाला नहीं जा सकता
अगली शताब्दी तक |

Facebook
WhatsApp
Twitter
LinkedIn
Pinterest

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

रचनाकार

Author

  • डॉ. शेखर शंकर मिश्र

    जन्मतिथि:- 01.06.1959, जन्मस्थान:- मुजफ्फरपुर, बिहार, शिक्षा:- एम.ए.(हिन्दी), पीएच.डी., वर्तमान में कार्य:- प्रोफेसर एवं अध्यक्ष, हिन्दी विभाग, एम.पी.एस.साइंस कॉलेज, बी.आर.ए.बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर । वर्तमान पता- जनकपुरी लेन नं. 1, श्याम नंदन सहाय कॉलेज के पास, पोस्ट -आर.के.आश्रम,भाया-रमना,बेला, मुजफ्फरपुर, बिहार 842002. रुचि साहित्य की विभिन्न विधाओं में लेखन और प्रकाशन, उपलब्धियां:- देश भर की प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिकाओं में कविताएँ और समीक्षाएँ प्रकाशित, आकाशवाणी और दूरदर्शन की साहित्यिक परिचर्चाओं में सहभागिता । दूरदर्शन के शताधिक वृत्तचित्रों में स्क्रिप्ट लेखन और पार्श्व स्वर, प्रकाशित पुस्तकें - 1.प्रश्नवाचक होने से पहले (कविता पुस्तक) प्रकाशन संस्थान, दिल्ली 1991 2.हिन्दी नाटकों में रंग निर्देश 3.लोकगीतों में पर्यावरण चिंतन 4.भारतीय लोकनाट्य : परम्परा एवं प्रयोग । Copyright@डॉ. शेखर शंकर मिश्र/इनकी रचनाओं की ज्ञानविविधा पर संकलन की अनुमति है | इनकी रचनाओं के अन्यत्र उपयोग से पूर्व इनकी अनुमति आवश्यक है |

Total View
error: Content is protected !!